ग्रामीण शिल्पियों, पारंपरिक कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से बालाघाट में 4 से 6 नवंबर तक तीन दिवसीय आवासीय ‘दीपांजलि आजीविका संगम मेला’ आयोजित किया जाएगा। मुलना स्टेडियम परिसर में इंडियन कॉफी हाउस के पास आयोजित होने वाले इस मेले में ग्रामीण अंचलों की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पादों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। मेले का शुभारंभ 4 नवंबर को प्रातः 11 बजे होगा।
जिला पंचायत बालाघाट द्वारा मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, नगर पालिका परिषद बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों के सदस्यों, ग्रामीण शिल्पियों और कारीगरों को अपनी मेहनत से तैयार उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से ग्रामीण कारीगरों को सीधे बाजार से जुड़ने, अपने उत्पादों की मांग समझने तथा ग्राहकों की पसंद और बाजार की जरूरतों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
मेले में ग्रामीण शिल्पियों और कारीगरों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये, मिट्टी के बर्तन, सजावटी सामान, हस्तशिल्प सामग्री, हाथकरघा की साड़ियां, खादी एवं अन्य वस्त्र, जैविक उत्पाद सहित स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीयों और सजावटी वस्तुओं की खरीदी के लिए भी यह मेला नागरिकों को स्थानीय कारीगरों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इससे एक ओर ग्रामीण उत्पादों को बाजार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर पारंपरिक कला एवं स्थानीय हुनर को प्रोत्साहन मिलेगा।
मेले में आजीविका मिशन के 10 तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के 5 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पशुपालन एवं डेयरी विभाग, आत्मा परियोजना, हस्तकरघा, वन विभाग, आयुष विभाग और कृषि विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे। हस्तकरघा विभाग के माध्यम से चंदेरी साड़ी एवं खादी वस्त्र, वन विभाग के माध्यम से बांस के कलात्मक उत्पाद तथा वनांचल ग्राम सेवा समिति के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा भी अपने उत्पादों की जानकारी और प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीण कारीगरों का उत्साह बढ़ाने आगे आएं नागरिक
जिला पंचायत द्वारा जिले के नागरिकों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे इस तीन दिवसीय मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और ग्रामीण शिल्पियों, कारीगरों तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार सामग्री की खरीदी करें। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर की गई प्रत्येक खरीदी ग्रामीण परिवारों की आजीविका मजबूत करने, कारीगरों को आर्थिक संबल देने और पारंपरिक हस्तशिल्प को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। नागरिकों की सहभागिता से ग्रामीण उत्पादों को व्यापक बाजार और कारीगरों को अपने हुनर के लिए प्रोत्साहन मिल सकेगा।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशानुसार जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा (आईएएस) ने मेले के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विभाग से संबंधित स्व-सहायता समूहों एवं हितग्राहियों को 4 नवंबर को प्रातः 8 बजे तक उत्कृष्ट उत्पादों और बैनर के साथ मेला स्थल पर उपस्थित कर स्टॉल व्यवस्थित कराएं।
मेले के सुचारु संचालन के लिए जिला परियोजना प्रबंधक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सुश्री श्वेता महतो एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्यप्रकाश उइके को संयुक्त रूप से नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह मेला केवल उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण हुनर को पहचान दिलाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।



