नक्सल प्रभावित रहे 100 ग्रामों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों के तहत कृषि विभाग द्वारा किसानों को खेती के नए विकल्पों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में लांजी विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम बगड़ी में वैल्यू चेन पार्टनर ऑयलसीड मिशन के अंतर्गत किसानों को सरसों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में तिलहन फसलों की खेती को प्रोत्साहित करना और किसानों की आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है।उपसंचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड लांजी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लांजी श्री आदित्य नारायण तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अंकित सिंघई, जनपद सदस्य श्री दिनेश लाडे एवं ग्राम पंचायत के सरपंच श्री राजू सोयाम ने किसानों को सरसों के बीज वितरित किए।इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री कुलदीप गणवीर, कृषि विकास अधिकारी श्री अमित नारनौरे एवं क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी श्री कुलविन कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किसानों को सरसों की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए तिलहन फसलों के उत्पादन की उपयोगिता और उनसे होने वाले संभावित लाभों की जानकारी दी।
फसल विविधीकरण से बढ़ेंगे आय के अवसर
कृषि विभाग की इस पहल से नक्सल प्रभावित क्षेत्र के किसान पारंपरिक खेती के साथ तिलहन फसलों की खेती भी कर सकेंगे। सरसों बीज के निःशुल्क वितरण से किसानों को नई फसल अपनाने में प्रोत्साहन मिलेगा। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र में तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों की कृषि आधारित आजीविका को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।कृषि विभाग द्वारा वैल्यू चेन पार्टनर ऑयलसीड मिशन के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि गतिविधियों से जोड़ने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम बगड़ी में आयोजित यह कार्यक्रम नक्सल प्रभावित क्षेत्र के किसानों को कृषि की मुख्यधारा से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।




