शासन के निर्देशानुसार जिले की सभी गौशालाओं में दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। गोवर्धन पूजा का जिला स्तरीय कार्यक्रम छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू के मुख्य आतिथ्य में विकासखंड छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत भाजीपानी स्थित गौशाला में संपन्न हुआ, कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन भी मौजूद थे। यहां छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ वैदिक विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया। इस दौरान गौशाला के गौवंश का भी पूजन किया गया। साथ ही उत्कृष्ट पशुपालन करने वाले किसानों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. एच.जी. एस. पक्षवार एवं उनकी टीम ने भी वैदिक रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन पूजन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद श्री साहू ने उपस्थित ग्रामीणों और किसानों को संबोधित करते हुए सभी को पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व और गोवर्धन पूजन की शुभकानाएं दी और सरकार द्वारा किसानों, पशुपालकों एवं गौसंवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में एसडीएम छिंदवाड़ा श्री पुष्पेंद्र निगम सहित पशुपालन विभाग का अमला, ग्राम पंचायत सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और पशुपालक किसान उपस्थित थे।




