कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में आज 14 नवम्बर को बाल दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय दतिया के चिल्ड्रन वार्ड में उपचाररत बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपचाररत बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना, उनके मनोबल में वृद्धि करना तथा उन्हें उपचार के दौरान खुशनुमा एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर भर्ती बच्चों ने केक काटकर बाल दिवस की खुशियां मनाईं। बच्चों को गेंद, ड्राइंग बुक, पेन एवं अन्य उपहार सामग्री वितरित की गई। सिविल सर्जन डॉ. के.सी. राठौर ने बच्चों के साथ केक काटकर एवं उन्हें केक खिलाकर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं तथा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के माता-पिता को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित देखभाल एवं विभिन्न बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण चिकित्सीय जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बच्चों के स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास में अभिभावकों की भूमिका के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। इस अवसर पर डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. जगराम मांझी, डॉ. दिनेश सिंह तोमर, डॉ. राजेश पटेल, डॉ. मनीष अजमेरिया, एस्तर अर्चना, मुस्कान एवं शिवानी नर्सिंग ऑफिसर सहित चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा।