धनपाड़ा में बैंच पर बैठकर ग्रामीणों को स्वामित्व रजिस्ट्री के बताए लाभ
हरदा 23 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने रहटगांव में आयोजित जन विश्वास क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर के दौरान रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्र, तहसील कार्यालय एवं धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। रहटगांव में आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सत्यम ने केन्द्र के फर्श पर बैठकर आंगनवाड़ी के बच्चों से आंगनवाड़ी की गतिविधियों पर चर्चा की, साथ ही उनसे कविताएं सुनकर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होने आंगनवाड़ी में टीकाकरण एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज एन्ट्री की जानकारी ली। कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिये किये जा रहे कार्य के संबंध में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की। इस दौरान उन्होने बच्चों को बिस्किट एवं फल भी वितरित किये। कलेक्टर ने ग्राम धनपाड़ा में पहुँचकर स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य हेतु संचालित कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने ग्रामीणों के साथ बैंच पर बैठकर स्वामित्व रजिस्ट्री के फायदों की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जाए। रहटगांव में तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम अव्यवस्थित पाये जाने पर प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय का निरीक्षण कर आसीएमएस में दर्ज प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिये कि राजस्व मामलों से संबंधित प्राप्त शिकायतें सही मद में दर्ज की जाएं। राजस्व प्रकरणों की स्थिति के निरीक्षण के दौरान निराकरण की संतोषजनक स्थिति न मिलने पर एसडीएम को निर्देश दिये कि प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान उन्होने लोक सेवा केन्द्र का भी निरीक्षण कर वहां की कार्य व्यवस्था देखी। रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की सार्थक एप पर उपस्थिति की जानकारी ली, साथ ही यहां मरीजों से भी चर्चा की। कलेक्टर ने समक्ष में यहां उपचार कराने आई रहटगांव की महिला नीलम वृंदावन की आभा आईडी तैयार करवाई। इस दौरान उन्होने मरीजों को आयुष्मान भारत योजना की भी जानकारी दी एवं सभी पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये। कलेक्टर ने वन क्षेत्र होने के कारण यहां डिलेवरी पॉईन्ट की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होने पोषण पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण भी किया एवं भर्ती बच्चों के माता पिता से बच्चों के पोषण की स्थिति पर चर्चा की। भ्रमण के दौरान एसडीएम टिमरनी श्री असवनराम चिरामन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।



