कटनी (23 अक्टूबर) - शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जैविक खेती का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे विद्यार्थियों को खेती की आधुनिक एवं कम लागत वाली तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को खेती के विभिन्न प्रकारों, जैसे विशिष्ट खेती, मिश्रित खेती, शुष्क खेती, बहुफसली खेती एवं रैंचिंग खेती के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही शस्य विज्ञान के अंतर्गत खरीफ, रबी एवं जायद की फसलों तथा अनाज, दलहनी, रेशे वाली, चारा, शर्करा, सब्जी एवं तिलहनी फसलों की विशेषताओं और उत्पादन संबंधी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। फसल उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मिट्टी तैयार करने, बुवाई, उन्नत बीजों के चयन, जैविक खाद के उपयोग, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, पौध संरक्षण, कटाई, गहाई एवं भंडारण की वैज्ञानिक विधियों से अवगत कराया गया। यह प्रशिक्षण जीरो बजट फार्मिंग की तकनीकों पर आधारित है, जिसका उद्देश्य कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करना तथा खेती को लाभकारी बनाना है। जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने बताया कि शस्य विज्ञान में भूमि का उचित प्रबंधन करते हुए वैज्ञानिक विधियों से फसलों को उगाने का अध्ययन किया जाता है। इसके अंतर्गत पादप आनुवंशिकी, पादप क्रिया विज्ञान, मौसम विज्ञान एवं मृदा विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
खेती-किसानी
विद्यार्थियों को दिया शस्य विज्ञान एवं फसलों के प्रकार का तकनीकी प्रशिक्षण जीरो बजट फार्मिंग के जरिए कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीक सीख रहे विद्यार्थी
देसी धमाका डेस्क · 23 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट



