ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट आरसेटी), मुरैना द्वारा विभिन्न व्यवसायों में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीयन 16 नवम्बर 2026 से प्रारंभ होगा।

संस्थान द्वारा 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण बीपीएल परिवारों के युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए दक्ष बनाने हेतु विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें कंप्यूटर अकाउंटिंग, मखमली खिलौना निर्माण, पशुपालन, महिला ब्यूटी पार्लर, मधुमक्खी पालन, राजमिस्त्री, बैंक मित्र एवं बैंक सखी, मशरूम उत्पादन, प्लंबिंग एवं सैनिटरी कार्य, घरेलू अगरबत्ती निर्माण, मोमबत्ती निर्माण, जूट उत्पाद निर्माण, कृत्रिम आभूषण निर्माण, सामान्य उद्यमिता विकास, कृषि उद्यमिता, पेपर कवर, लिफाफा एवं फाइल निर्माण तथा महिला सिलाई सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण शामिल हैं।

सेंट आरसेटी, मुरैना के निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी पंजीयन के लिए मनरेगा जॉब कार्ड, बीपीएल कार्ड अथवा स्व-सहायता समूह के रजिस्टर की प्रति, चार पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची तथा जाति प्रमाण पत्र के साथ संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।

इच्छुक युवक-युवतियां सेंट आरसेटी, मुरैना में कमिश्नर बंगले के पास, रॉयल रेजीडेंसी के पीछे, एबी रोड मुरैना स्थित संस्थान में संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण एवं पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8463829175, 8115205204, 9617259221 एवं 8823010135 पर संपर्क किया जा सकता है।