गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विकासखंड पांढुर्णा के बड़चिचोली स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने गौशाला में विधि-विधान से गौमाता का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने गौ माता को तिलक लगाया गया, पुष्पमालाएं अर्पित कर गोग्रास खिलाया तथा आरती की। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने भी गौमाता का पूजन-अर्चन किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी गौमाता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत विजेता तीन गौपालकों को राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में जगन्नाथ डोबले को एक लाख रुपये एवं शॉल, द्वितीय पुरस्कार के रूप में प्रेमनाथ डोबले को 50 हजार रुपये एवं शॉल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में कैलाश डिगरसे को 25 हजार रुपये एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रकार तीनों गौपालकों को कुल 1 लाख 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त सांसद श्रीमती नारोलिया द्वारा उपस्थित महिला किसानों का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें गौमाता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देता है। गौशालाओं में गौवंश की नियमित देखभाल, स्वच्छता, उनके भोजन एवं पेयजल सहित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा गौशालाओं के संचालन एवं गौवंश संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को और प्रभावी बनाने के लिए ग्रामवासियों, किसानों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है उन्होंने गौशाला में गौवंश की सेवा एवं देखभाल में जुटे कर्मचारियों, संचालकों, किसानों एवं महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा अत्यंत पुनीत कार्य है। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
सांसद श्रीमती नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय है। उन्होंने नागरिकों से भी गौसेवा एवं गौशालाओं के विकास में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही गौवंश संरक्षण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, श्री वैशाली महाले, जिला पंचायत सदस्य सुनंदा डोंगरे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अलका एक्का, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत विनय प्रकाश ठाकुर, पशु चिकित्सा अधिकारी गीता लोधी, डॉ. दिनेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गौशाला संचालक, किसान तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




