ग्राम बघवारकलां विकासखंड शाहनगर के कृषक कृष्णकांत द्वारा वर्ष 2025-26 में कृषि अभियांत्रिकी विभाग से नरवाई प्रबंधन कृषि यंत्र स्लेशर अनुदान पर क्रय किया गया, जिसमें उन्हें कुल 28 हजार 400 रूपए का अनुदान प्राप्त हुआ है। कृष्णकांत ने बताया कि स्लेशर मशीन ट्रैक्टर के पीछे जोड़कर चलाई जाती है, जो फसल कटाई के बाद बचे ठूंठ और नरवाई को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत में ही फैला देती है। जब इसका उपयोग खेतों में शुरू किया, तो इसके प्रभावी परिणाम आए। किसान ने बताया कि इससे खेतों में आग लगाने या नरवाई जलाने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती। मिट्टी की सेहत में सुधार होने से बारीक कटी हुई नरवाई खेत में ही सड़कर बेहतरीन जैविक खाद का काम करती है, जिससे जमीन की नमी और उपजाऊ क्षमता बढ़ती है। साथ ही अगली फसल की आसान बुआई भी संभव होती है। स्लेशर चलाने के बाद अगली फसल की बोनी करना बेहद आसान और कम खर्चीला हो जाता है। कृषक कृष्णकांत का यह सराहनीय कार्य सिर्फ उनके अपने खेत या बघवारकलां गांव तक ही सीमित नहीं रहा। उनकी इस आधुनिक तकनीक की सफलता को देखकर आसपास के कई गांवों के किसान भी प्रेरित हुए।