खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज केंद्रीय जेल परिसर स्थित श्री कृष्ण मधुवन गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गोवर्धन भगवान का पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने गौ-माता की पूजा-अर्चना कर अपने हाथों से गायों को हरा चारा खिलाया। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है। अधिकांश ग्रामीण परिवारों में यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि गोवर्धन पूजा केवल घरों तक सीमित न रहे, बल्कि शासकीय स्तर पर भी गौशालाओं में सामूहिक रूप से आयोजित हो, ताकि नई पीढ़ी को इसके महत्व और परंपराओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला प्रकृति का सम्मान, दूसरा गोवंश का संरक्षण और तीसरा अन्न एवं अन्नदाता का सम्मान। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पर्वत लीला भी हमें प्रकृति के संरक्षण और सामूहिक आस्था का संदेश देती है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार गौशालाओं के संचालन और गोवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसमें सामाजिक संस्थाएं और आमजन भी बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं। कई गौशालाओं में पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। गोवर्धन पूजा जैसे आयोजनों से गौ-सेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि प्रकृति की पूजा हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। भारत में नदियों, पर्वतों और वनस्पतियों को पूजनीय मानकर उनका सम्मान किया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर धारण करने की लीला हमें प्रकृति, गोवंश और अन्नदाता के महत्व का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गौ-माता की सेवा और गोपालन को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाना चाहिए। श्री श्याम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासकीय स्तर पर गोवर्धन पूजा आयोजित करने की पहल सराहनीय है। इससे सनातन संस्कृति, गोवर्धन पर्वत के महत्व और गोपालन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही बदलती परिस्थितियों में लोगों को गोपालन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। *गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को किया पुरस्कृत गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले से चयनित विजेता पशुपालकों को मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किया गया। साथ ही जेल गौशाला के प्रबंधन, पहरी और गौसेवा करने वाले बंदियों को भी सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत सहित मुख्य अतिथियों को गौ-माता का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, जेल अधीक्षक, पशुपालन विभाग के उपसंचालक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खेती-किसानी
गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान, गोवंश संरक्षण और अन्नदाता के सम्मान का पर्व - मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधि-विधान से किया गोवर्धन पूजन, गौ-माता को खिलाया हरा चारा गौ-सेवा और गोपालन को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाएं - विधायक श्री शैलेन्द्र जैन
देसी धमाका डेस्क · 10 नवंबर 2026 · 4 मिनट



