सीहोर विकासखंड की ग्राम पंचायत पचामा निवासी श्री कमल सिंह कुशवाहा अपने घर पर छोटी-सी किराना दुकान संचालित कर परिवार की आजीविका में सहयोग करते हैं। उनके पास घर की भूमि के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज नहीं होने के कारण वे इसका उपयोग बैंक से ऋण लेने जैसे कार्यों में नहीं कर पा रहे थे। इस वजह से अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने और उसका विस्तार करने में भी उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रदेश सरकार की स्वामित्व अधिकार योजना के अंतर्गत श्री कमल सिंह कुशवाहा की भूमि से संबंधित दस्तावेजों का पंजीयन हो गया है। अब उन्हें अपनी संपत्ति के अधिकार का दस्तावेजी प्रमाण प्राप्त होने से भविष्य में विभिन्न आर्थिक गतिविधियों के लिए इसका उपयोग करने की उम्मीद जगी है। वे बैंक ऋण जैसी सुविधाओं के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और किराना दुकान का विस्तार करने की संभावनाएं देख रहे हैं। उनके लिए यह पहल आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

श्री कमल सिंह कुशवाहा का कहना है कि स्वामित्व अधिकार योजना ने उनके जैसे छोटे दुकानदारों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। भूमि के दस्तावेज उपलब्ध होने से उन्हें अपनी संपत्ति के बेहतर उपयोग और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का भरोसा मिला है। इस पहल से उत्साहित श्री कुशवाहा प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त कर रहे हैं। उनके लिए यह योजना केवल भूमि के दस्तावेज प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और आर्थिक प्रगति की नई उम्मीद है।