राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल एवं कृषि विज्ञान केंद्र, शहडोल के संयुक्त तत्वावधान में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक “पशुधन और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आदिवासी महिलाओं का सशक्तिकरण” विषय पर तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं आदान सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 आदिवासी महिलाओं को मुर्गीपालन सहित पशुधन प्रबंधन, आजीविका संवर्धन और पोषण सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मृगेंद्र सिंह ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आजीविका का प्रमुख साधन है। खेती के साथ पशुपालन, कुक्कुट पालन, डेयरी उद्योग, फल उत्पादन एवं मशरूम उत्पादन जैसे कृषि आधारित व्यवसाय अपनाना ग्रामीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुक्कुट पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण व्यवसाय है।

राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल के डॉ. अतुल पटेरिया एवं डॉ. शालिनी चक्रवर्ती ने बताया कि आदिवासी महिला किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने, मांस एवं अंडों के बेहतर उपयोग तथा पशुधन और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि भारत में कुक्कुट पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छोटे, सीमांत एवं मध्यम वर्ग के किसान इस व्यवसाय से जुड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुर्गीपालन से किसानों की आय बढ़ाने के साथ पोषण एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं घरेलू मुर्गीपालन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह व्यवसाय कम लागत, कम जगह और सीमित संसाधनों में शुरू किया जा सकता है। महिलाएं घर में उपलब्ध अनाज के टुकड़ों एवं बचे हुए खाद्य पदार्थों का उपयोग मुर्गियों के आहार के रूप में कर खर्च कम कर सकती हैं। इसके साथ ही परिवार के भोजन में अंडे एवं मांस शामिल करने से प्रोटीन की उपलब्धता बढ़ती है तथा महिलाओं और बच्चों में कुपोषण एवं प्रोटीन की कमी दूर करने में सहायता मिलती है।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ब्रजकिशोर प्रजापति एवं डॉ. दीपक चौहान ने महिला किसानों को छोटे स्तर पर मुर्गीपालन के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुर्गीपालन से अतिरिक्त आय प्राप्त करने के साथ मुर्गियों के मल का उपयोग खाद के रूप में खेतों में किया जा सकता है। इसके अलावा इसका उपयोग बटन मशरूम उत्पादन के लिए खाद तैयार करने में भी किया जा सकता है, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलती है।

उन्होंने बताया कि पारंपरिक अथवा घर के पिछवाड़े मुर्गीपालन की पद्धति ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से प्रचलित है। इसमें सामान्यतः एक परिवार 5 से 20 मुर्गियों का छोटा समूह पाल सकता है। मुर्गियां आसपास उपलब्ध अनाज के दाने, कीड़े-मकोड़े, घास की कोमल पत्तियां एवं घर के बचे हुए खाद्य पदार्थों से भी आहार प्राप्त करती हैं। इससे मुर्गीपालन पर होने वाला खर्च कम रखने में मदद मिलती है। कम समय एवं सीमित व्यय में अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए यह पद्धति ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी है।

पशुपालन विभाग, शहडोल के डॉ. दिलीप प्रजापति एवं डॉ. लाइक खान ने पशुओं में टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि टीकाकरण पशुओं को विभिन्न संक्रामक रोगों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। टीके पशुओं की प्रतिरक्षा प्रणाली को रोगों के विरुद्ध सुरक्षा विकसित करने में मदद करते हैं तथा संक्रमण के जोखिम को कम करते हैं। उन्होंने पशुधन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता बताई।

पशुपालन विभाग, शहडोल की डॉ. सोफिया एवं डॉ. राजेश दीवान ने बैकयार्ड पोल्ट्री के लिए उपयुक्त मुर्गियों की प्रमुख प्रजातियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कड़कनाथ, नर्मदा निधि, वनराजा, ग्रामप्रिया, कैरी श्यामा, कैरी निर्भीक, हितकारी एवं उपकारी प्रमुख प्रजातियां हैं। ये प्रजातियां ग्रामीण परिस्थितियों में मुर्गीपालन के लिए उपयोगी हैं। इनके पालन से परिवारों को प्रोटीन का अच्छा स्रोत उपलब्ध होता है तथा अंडे एवं मांस की बिक्री से अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि कुक्कुट पालन ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण व्यवसाय है। मुर्गियों के आहार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, खनिज पदार्थ एवं विटामिन का संतुलित होना आवश्यक है। उचित आहार, स्वास्थ्य प्रबंधन एवं टीकाकरण के माध्यम से मुर्गीपालन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासी महिलाओं को मुर्गीपालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना तथा पशुधन एवं मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिला किसानों को आजीविका संवर्धन, पोषण सुरक्षा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुर्गीपालन अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।