कृषि उपज मंडी समिति शाजापुर में आज शुभ मुर्हत में कृषि उपज की खरीदी की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावद उपस्थित हुए।
शाजापुर कृषि उपज मंडी सचिव ने बताया कि सर्वप्रथम मंडी प्रांगण में स्थित श्रीगणेश मंदिर में विधायक श्री भीमावद, मंडी व्यापारियों, मंडी कर्मचारियों एवं कृषकों द्वारा पूजा अर्चना की गई। इसके उपरांत विधायक श्री भीमावद एवं उपस्थित अतिथियों का व्यापारी संघ द्वारा पुष्पहार एवं साफा बांधकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात बैलगाडी से सोयाबीन लाने वाले कृषकों के नाम की पर्ची डाली गई। सर्वप्रथम बोली कृषक श्री विजय शर्मा ग्राम-टुकराना निवासी की कृषि उपज सोयाबीन की लगाई गई, जो राशि 8001 रुपये प्रति क्विंटल की दर से फर्म भीमावद ट्रेडिंग कंपनी द्वारा क्रय की गई।
द्वितीय बोली कृषक श्री दिनेश सौराष्ट्रीय निवासी ग्राम - टुकराना की कृषि उपज सोयाबीन की लगाई गई, जो राशि 7811 रुपये प्रति क्विंटल की दर से फर्म आरती ट्रेडिंग कंपनी द्वारा क्रय की गई। तृतीय बोली कृषक श्री निर्भयसिंह निवासी ग्राम - पिपलिया गोपाल की कृषि उपज सोयाबीन की लगाई गई, जो राशि रुपये 7777 रुपये प्रति क्विंटल की दर से फर्म भगवती ट्रेडिंग कंपनी द्वारा क्रय की गई।
उक्त कृषकों का विधायक श्री भीमावद द्वारा हार एवं साफा, श्रीफल से स्वागत किया गया।
विधायक श्री भीमावद द्वारा संबोधित करते हुए उपस्थित कृषकों, व्यापारियों को मंडी से संबंधित आगामी कार्ययोजना के संबंध में अवगत कराया गया, एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में श्री रमेश पाटीदार, श्री इंदर राठौर, श्री योगेन्द्रसिंह राठौर, श्री अनिल कुमार रिणवा, श्री किरणसिंह ठाकुर एवं समस्त व्यापारीगण, मंडी सचिव श्री मोहनसिंह मालवीय, मंडी कर्मचारी एवं अधिकारी - श्री अशोक कुमार जोशी, श्री किशनसिंह परमार एवं समस्त कर्मचारीगण उपस्थित थे।



