कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि धान की फसल कटाई पश्चात् पराली में आग न लगाये, क्योकि इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ भूमि की उर्वरता एवं उत्पादकता में कमी होती है। किसान भाई कुछ उपयोगी कृषि यंत्रो जैसे बेलर, रीपर कम बाइंडर, स्ट्रारीपर, सुपर सीडर एवं जीरो टिलेज, सीड ड्रिल के उपयोग से पराली का प्रबंधन कर सकते है। उन्होंने कहा कि जिले में धान के बढते रकबे को दृष्टिगत रखते हुए यह आवश्यक है कि पराली का उचित प्रबंधन किया जाए जिससे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि तकनीकी के माध्यम से पराली का प्रबंधन किया जाए तथा जिले में उपलब्ध कृषि यंत्रों के साथ ही बाहर के बेलर संचालकों से चर्चा कर उन्हें पराली की कटाई के लिए आमंत्रित किया जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में धान के व्यापक उत्पादन के दृष्टिगत रख दूरगामी उपायों के तहत जिले में सीबीजी प्लांट की स्थापना के लिए भी प्रोत्साहन प्रदान किया जायेगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मेघा तिवारी, एसडीओपी श्री आंनद कुमार राय, उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह, जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति के सभापति श्री गिरधारी बैरवा, भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री नरेन्द्र चौधरी, सहायक कृषि यंत्री श्री नवीन कुमार सहित प्रगतिशील किसान, स्थानीय बेलर संचालक आदि उपस्थित थे।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि जिले में किसानों के पास 443 कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनमें बेलर, सुपर सीडर, स्ट्रा रीपर जैसे उपकरण शामिल है, 64 कस्टम हायर सेंटर भी संचालित है, जिनके पास उपलब्ध उपकरणों के माध्यम से पराली का प्रबंधन किया जाए, इसके साथ ही सीबीजी प्लांट से जुड़े बाहर के बेलर संचालकों को पराली की कटाई के लिए आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुदान पर स्ट्रारीपर की उपलब्धता के लिए उनके माध्यम से कृषि अभियांत्रिकी विभाग को पत्र भेजा जाए, जिले में पराली का उपयोग कर पेलेट्स बनाने वाली 6 इकाइयों के संचालकों के साथ बैठक कर सहयोग लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता अभियान को और अधिक गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दीवार लेखन के साथ ही पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाए तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर डिजिटल माध्यम से जागरूकता सम्बन्धी वीडियो प्रसारित कराए जाए।

उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह ने बताया कि जिले में 97979 हेक्टेयर धान का रकबा है, इसे दृष्टिगत रखते हुए पराली को जलने से रोकने के लिए कारगर रणनीति तैयार की गई है। बाहर के बेलर संचालको से चर्चा की गई है तथा 25 अक्टूबर तक 10 बेलर जिले में उपलब्ध हो जायेंगे, जिनके द्वारा निशुल्क रूप से पराली की कटाई की जायेगी। इसके साथ ही ओर भी बेलर संचालको से संपर्क कर चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को प्रतिबंधित कर जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। इस संबंध में किसानों को जागरूक किया जा रहा है कि पराली न जलायें, पराली जलाने वाले किसानों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्जकर जुर्माने की कार्यवाही की जा सकती है। दो एकड़ से कम जमीन पर 2500 रूपये, 2 से 5 एकड़ जमीन पर 5000 रूपये एवं 5 एकड़ से अधिक जमीन पर 15000 रूपये का जुर्माना किया जा सकता है।