कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में एसडीएम एवं भारसाधक अधिकारी, कृषि उपज मंडी श्योपुर श्री गगन सिंह मीना द्वारा श्योपुर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडी में कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, किसानों के लिए छाया एवं नीलामी व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के संबंध में नियमानुसार एक दिवस का वेतन राजसात करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये गये कर्मचारी श्यामा शर्मा, सीमा कौशल, महेन्द्र सिंह, अमित धूलिया, दुष्यंत वर्मा, सुनील धूलिया, अनिल दौहरे का एक-एक दिन का तथा कीर्ति कस्तवार और रफीक अली का आधे-आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश मंडी सेकेट्री को दिये गये। साथ ही मंडी परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम श्री मीना ने मंडी प्रबंधन को निर्देशित किया कि मंडी में उपज विक्रय के लिए आने वाले किसानों के बैठने एवं विश्राम हेतु पर्याप्त छाया की व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त कृषि उपज की नीलामी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज के विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने मंडी परिसर में व्यवस्थाओं को नियमित रूप से बनाए रखने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



