केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को अपने शिवपुरी प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महर्षि कपिल मुनि की तपोभूमि, कपिल मुनि आश्रम (केलधार) तथा सिंघराई माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल ₹67.71 करोड़ की लागत के विभिन्न सड़क, आदिवासी बस्ती संपर्क मार्ग एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से कोलारस सहित शिवपुरी जिले के ग्रामीण अंचलों में बारहमासी आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि "सड़कें केवल गांवों को आपस में नहीं जोड़तीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलती हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के केंद्रीय नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में ग्रामीण कनेक्टिविटी को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। केलधार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने लगभग ₹53.74 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसके अंतर्गत ₹2.91 करोड़ की लागत से केलधार से टोरिया तक 2 किलोमीटर लंबी सड़क तथा ₹37.28 करोड़ की लागत से लुकवासा से चंदनपुरा तक 42 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं, एमएमटीएसवाय एवं पीएम-जनमन योजनांतर्गत कांठी से मदनपुरा वाया पायगा मार्ग सहित लगभग ₹3.74 करोड़ की विभिन्न ग्रामीण सड़क परियोजनाओं, किशनपुर से भड़ौता मार्ग ₹3.71 करोड़, बरई से गुडल मंदिर मार्ग ₹1.20 करोड़ तथा चंदौरिया से श्यापुर मार्ग ₹2.59 करोड़ के निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में ₹2.31 करोड़ की लागत से नवनिर्मित बसई सब-स्टेशन का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ने कोलारस क्षेत्र के सिंघराई माता मंदिर परिसर में मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (इकाई शिवपुरी) के अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन एवं मजरा-टोला योजना योजनांतर्गत 13.97 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले ग्रामीण एवं आदिवासी बस्ती संपर्क मार्गों का भी भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन सभी संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों, मजरों-टोलों और विशेष रूप से जनजातीय बस्तियों के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि उपज के परिवहन हेतु बेहतर सड़क संपर्क का लाभ प्राप्त होगा।
सेहत
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केलधार और सिंघराई माता मंदिर क्षेत्र में दी ₹67.71 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती; किसानों, विद्यार्थियों और आमजन का आवागमन होगा सुगम
देसी धमाका डेस्क · 12 नवंबर 2026 · 3 मिनट



