मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से कोलारस में दो दिवसीय लोकोत्सव का आयोजन किया गया है। शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया महाविद्यालय मैदान में 15 एवं 16 नवम्बर को आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों ने पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कार्यक्रम में कोलारस विधायक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कलाकारों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
लोकोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और विरासत को आम जनमानस तक पहुंचाने तथा युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया गया। दो दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों एवं नगरवासियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
लोक कलाओं को प्रोत्साहन देने आगे भी हों आयोजन इस अवसर पर कोलारस विधायक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोक कला और संस्कृति हमारी समृद्ध परंपरा एवं विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आगे भी किए जाने चाहिए, जिससे स्थानीय एवं पारंपरिक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले और नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
लोक गायन, नृत्य और लीला-नाट्य रहे आकर्षण का केंद्र लोकोत्सव के प्रथम दिवस भिण्ड के ज्ञानसिंह शाक्य एवं साथियों ने लांगुरिया गायन की प्रस्तुति दी। वहीं श्योपुर के रामलखन आदिवासी एवं साथियों ने लहंगी नृत्य से दर्शकों को आकर्षित किया। इसके साथ ही ग्वालियर की गीतांजलि गिरवाल द्वारा पुनर्संयोजित भक्तिमती शबरी लीला-नाट्य का मंचन किया गया। द्वितीय दिवस निवाड़ी के राजीव रावत एवं साथियों ने बुंदेली गायन की प्रस्तुति दी। वहीं उज्जैन के श्री सतीश दवे द्वारा पुनर्संयोजित श्रीहनुमान लीला-नाट्य का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक जीवन, परंपराओं, आस्था और पौराणिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया।
दो दिवसीय लोकोत्सव ने क्षेत्र की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं को मंच प्रदान करने के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने का अवसर उपलब्ध कराया। इस अवसर पर कोलारस एसडीएम श्री शिवदयाल धाकड़, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री महेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित रहे।



