रिफॉर्म उत्सव/सुधार उत्सव 2026 के अंतर्गत सहकारी संस्था इफको द्वारा जिला विदिशा के पीएनबी कृषक प्रशिक्षण केंद्र में किसान सभा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 80 से अधिक किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में ICAR के विशेषज्ञ वैज्ञानिकगण डॉ. वी. श्रीधर, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. एस. मौर्य एवं डॉ. जयदीप हलदर, वैज्ञानिक- केवीके विदिशा डॉ. अक्षय उज्ज्वल, परियोजना प्रबंधक IFFDC भोपाल श्री सी. पी. यादव, SADO विदिशा श्री विशाल यादव, BTM श्री अशोक रघुवंशी, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में इफको विदिशा के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुमार मनेन्द्र द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के महत्व पर जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उर्वरकों का प्रयोग इस प्रकार किया जाए कि पौधों की आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति सुनिश्चित हो तथा मृदा, जल एवं पर्यावरण पर अनावश्यक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसी क्रम में नैनो यूरिया, नैनो DAP, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, बायोफर्टिलाइजर एवं बायोडीकंपोजर के लाभ, उपयोगिता, उचित मात्रा एवं उपयोग विधि की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। IIHR, बेंगलुरु एवं IVRI, वाराणसी के वैज्ञानिकों द्वारा एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM) एवं एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने उपलब्ध स्थानीय संसाधनों एवं कृषि आदानों के उचित एवं समन्वित उपयोग से कम लागत में संतुलित पोषण, प्रभावी कीट प्रबंधन एवं बेहतर फसल उत्पादन प्राप्त करने पर जोर दिया। IFFDC के परियोजना प्रबंधक श्री सी. पी. यादव जी द्वारा उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीज चयन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उपयुक्त किस्म एवं गुणवत्तापूर्ण बीज फसल की बेहतर स्थापना, स्वस्थ पौध वृद्धि एवं अच्छी उपज की महत्वपूर्ण आधारशिला है। डॉ. अक्षय उज्ज्वल, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, विदिशा द्वारा मृदा स्वास्थ्य एवं जीवांश कार्बन (Organic Carbon) के महत्व पर जानकारी दी गई। उन्होंने मृदा में जीवांश पदार्थ बनाए रखने के लिए FYM (गोबर खाद), जैव उर्वरक एवं अन्य जैविक स्रोतों के उचित उपयोग पर जोर दिया तथा मृदा की दीर्घकालीन उर्वरता एवं उत्पादकता बनाए रखने के लिए संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में इफको के कृषि स्नातक प्रशिक्षु श्री विशाल पाटीदार जी के द्वारा अतिथियों एवं किसानों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस प्रकार किसान सभा के माध्यम से किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM) एवं एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM), Pm-pranam, गुणवत्तापूर्ण बीज चयन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक एवं जैव उर्वरकों के उपयोग तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करते हुए वैज्ञानिक एवं सतत कृषि को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास
रिफॉर्म उत्सव 2026 अंतर्गत सहकारी संस्था इफको द्वारा किसान सभा का आयोजन
देसी धमाका डेस्क · 7 अक्टूबर 2026 · 4 मिनट


