युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन सोमवार 12 अक्टूबर को शासकीय लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, सिरोंज, में किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे से होगा।

युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार मेला एवं अप्रेन्टिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। उनके द्वारा विभिन्न पदों के लिए उपस्थित आवेदकों के साक्षात्कार लिए जाएंगे तथा पात्र एवं चयनित युवाओं को रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा शासन के अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, ऋण सुविधा, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इससे युवा अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार अथवा स्वरोजगार का विकल्प चुन सकेंगे।

10 वीं उत्तीर्ण या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले युवा ले सकेंगे भाग

युवा संगम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 वीं पास या उससे अधिक तथा आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के इच्छुक आवेदकों को साक्षात्कार के समय अपनी शैक्षणिक योग्यता से संबंधित अंकसूची एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।

विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि रहेंगे उपस्थित

रोजगार मेले में पुखराज भोपाल, एक्सिस बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी विदिशा, एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान विदिशा, होम हेल्प सेंटर रायसेन, समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड, जॉब हियर डॉट इन, पुष्कल, यशस्वी ग्रुप, वर्ल्ड क्लास, संजीरा भोपाल, सुपर मंडीदीप, ट्राइडेंट, मैग्नम ग्रुप भोपाल, 108 कॉल सेंटर भोपाल, वर्धमान फैब्रिक्स भोपाल, परी होम हेल्थ केयर भोपाल, गणेशा होम हेल्थ केयर इंदौर, स्टॉप सॉल्यूशन सहित विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

युवा संगम कार्यक्रम युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार, अप्रेन्टिसशिप तथा स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न संभावनाओं की जानकारी और अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा। इच्छुक पात्र युवा निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।